बसना

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने ली विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक,बोले-क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण हो सर्वोच्च प्राथमिकता

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दिए सख्त निर्देश,बोले-लापरवाही पर होगी कार्रवाई

किसानों और आम जनता को न हो बिजली की किल्लत, दुरुस्त करें लो-वोल्टेज और मेंटेनेंस : विधायक डॉ संपत अग्रवाल

बसना।(सुकीशन कश्यप) बसना स्थित विधायक कार्यालय में विद्युत विभाग के वरिष्ठ एवं मैदानी अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मुख्य रूप से की। बैठक में बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, आगामी सीजन में बिजली की मांग, अधोसंरचना सुधार और आम जनता से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्युत विभाग के समस्त अधिकारियों से दो-टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और अन्नदाता किसानों को सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने विद्युत व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए अधिकारियों को कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और लगातार हो रही ट्रिपिंग की समस्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और पुराने जर्जर तारों को युद्धस्तर पर बदलने की बात कही। किसानों की सिंचाई और आम नागरिकों के दैनिक जीवन में कोई बाधा न आए, इसके लिए उन्होंने जले या खराब ट्रांसफार्मरों को हर हाल में 24 से 48 घंटे की तय समय-सीमा के भीतर बदलने के सख्त निर्देश जारी किए। इसके साथ ही, अघोषित बिजली कटौती पर पूरी तरह लगाम लगाने और मेंटेनेंस कार्य से पहले उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए, ताकि जनता को बेवजह परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने त्रुटिपूर्ण और अत्यधिक बिजली बिलों के मामलों के त्वरित व पारदर्शी निराकरण हेतु विशेष शिविर आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली में जवाबदेही तय करते हुए दो-टूक कहा कि अधिकारी सिर्फ कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय फील्ड में सक्रियता दिखाएं। आंधी-तूफान जैसी आपात स्थितियों में टूटे खंभों व तारों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम जनता के फोन कॉल रिसीव कर उनकी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसेवा और विद्युत आपूर्ति के कार्यों में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक बेहतर मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की है। विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ काम करें और सुनिश्चित करें कि बसना विधानसभा क्षेत्र विद्युत आपूर्ति के मामले में एक आदर्श क्षेत्र बने।

समीक्षा बैठक में जे ई बसना ग्रामीण गुननिधि सिंह राठिया , जे ई बसना धीरज देवांगन, जे ई पथरला ठनेक सिंहजे ई भंवरपुर अंकित भोई, जे ई पिरदा दुलेश्वर दीवान, ए ई भंवरपुर राकेश बारिक, जे ई गढ़फूलझर देवेश सिंह राजपूत, ए ई सांकरा एम के सागर, ए ई बसना एन के आदित्य, ए ई पिथौरा टी आर गजभिये,जिला पंचायत उपाध्यक्ष भाजपा रमेश अग्रवाल,निज सचिव नरेंद्र बोरे,विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विधायक कार्यालय के प्रमुख सहयोगी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Narayan dubey

संपादक शिखर न्यूज छत्तीसगढ़

Related Articles