आईएसबीएम विश्वविद्यालय में आयोजित हुई ‘साईटूंस’ प्रतियोगिता

छुरा। आईएसबीएम विश्वविद्यालय के स्कूल आफ फार्मेसी और अल्फा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों की वैज्ञानिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “ साईटून्स” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, स्वास्थ्य एवं फार्मेसी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को कार्टून एवं दृश्य कला के माध्यम से सरल, रचनात्मक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मंच प्रदान करना था। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से एंटी माइक्रोबियल रजिस्टेंस, रेशनल यूज़ आफ मेडिसिन, पब्लिक हेल्थ, टीकाकरण फार्मासिस्ट की भूमिका, दवा सुरक्षा तथा आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान जैसे विषयों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक तथ्यों को मनोरंजक एवं जन-जागरूकता आधारित संदेशों के साथ जोड़ते हुए विभिन्न साईटूंस प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक समझ, विषय की प्रासंगिकता, संदेश की स्पष्टता तथा कलात्मक अभिव्यक्ति प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर प्रदान किया कि वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी जटिल विषयों को भी सरल दृश्य माध्यमों के द्वारा समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की सहभागिता एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मक अभिव्यक्ति, संचार कौशल एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में के स्कूल आफ फार्मेसी एवं अल्फा इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी श्री युगल किशोर राजपूत, राजेन्द्र कुमार, अश्वनी कुमार साहू, डॉ ओमप्रकाश साहू, प्रतिभा जायसवाल, विकास साहू, भुनेश्वर साहू एवं आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम संयोजिका सुश्री डॉली यदु के साईटूंस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आईएसबीएम विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक, वैज्ञानिक एवं सामाजिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।



