गरियाबंद

विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत पिपराही में स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित

छुरा। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर आईएसबीएम विश्वविद्यालय के स्कूल आफ फार्मेसी एवं अल्फा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में द्वारा ग्राम पंचायत पिपराही में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

आईएसबीएम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. बी.पी. भोल ने हरी झंडी दिखाकर हेल्थ कैंप के लिए बस को रवाना किया।

श्री युगल किशोर राजपूत, नोडल अधिकारी, अल्फा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ने संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं एवं दवाओं के उचित उपयोग के संबंध में जानकारी प्रदान करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, दवाओं के सही एवं सुरक्षित उपयोग तथा रोगों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ ओमप्रकाश साहू ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं के सेवन एवं स्व-चिकित्सा से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।

कार्यक्रम के संयोजक एवं नोडल अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जनस्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने में सहायक हैं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पिपराही की सरपंच श्रीमती कुमारी बल्लार मरकाम जी एवं उपसरपंच श्री कृष्ण कुमार पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने ग्रामीणों के हित में आयोजित इस स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का कार्य चिकित्सक डॉ. महेंद्र कुमार पात्रे द्वारा किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ग्राम पंचायत पिपराही के जनप्रतिनिधियों, चिकित्सक, विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापकगण अश्वनी कुमार साहू, भुनेश्वर साहू, विकास साहू, सुश्री डॉली यदु, सुश्री प्रतिभा जायसवाल एवं सभी लैब स्टाफ उपस्थित रहे।

Narayan dubey

संपादक शिखर न्यूज छत्तीसगढ़

Related Articles