शतरंज में कुमारी जीविका प्रधान ने हासिल की राज्य स्तरीय सफलता, राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

(परशुराम कैवर्त)
स्कूल जोन से राज्य स्तर तक शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया बसना ब्लॉक एवं छत्तीसगढ़ का गौरव
बसना। शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस बसना की कक्षा सातवीं की छात्रा कुमारी जीविका प्रधान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर सफलता हासिल की है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिला मुंगेली, छत्तीसगढ़ में संपन्न हुई, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद जीविका का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदर्शन के लिए हुआ है।
कुमारी जीविका प्रधान ने अपनी इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए स्कूल/जोन स्तर से ब्लॉक स्तर, ब्लॉक स्तर से जिला स्तर और जिला स्तर से राज्य स्तर तक लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल में अपनी प्रतिभा, एकाग्रता, धैर्य एवं रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीविका ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से बसना ब्लॉक सहित पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
जीविका की इस सफलता पर उनके पालकों, परिजनों, शिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पालकों के प्रोत्साहन और परिवार के आशीर्वाद को दिया जा रहा श्रेय
जीविका की सफलता के पीछे उसके माता-पिता एवं परिवार के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके पिता श्री तरूणी प्रधान, व्याख्याता (गणित), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जेवरा तथा माता श्रीमती कुमोदिनी प्रधान ने बेटी की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित किया।
वहीं परिवार के वरिष्ठजनों दादा श्री भजन प्रधान, दादी श्रीमती सफेद प्रधान, नाना श्री जगतराम प्रधान (प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला रजपालपुर) एवं नानी श्रीमती देवकी प्रधान के आशीर्वाद एवं स्नेह ने भी जीविका का उत्साह बढ़ाया।
जीविका की उपलब्धि यह संदेश देती है कि बच्चों में प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन, अभ्यास और अवसर दिया जाए तो वे अपने परिवार के साथ-साथ अपने विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम भी रोशन कर सकते हैं।
शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग की भी रही महत्वपूर्ण भूमिका
जीविका की इस उपलब्धि में उसके शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षकों ने शतरंज के प्रति उसकी रुचि को प्रोत्साहित करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने जीविका की इस उपलब्धि को छात्रा की मेहनत के साथ-साथ पालकों एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का सुखद परिणाम बताया है।
शिक्षा विभाग एवं पिता के सहकर्मियों ने दी बधाई
कुमारी जीविका प्रधान की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षा विभाग बसना एवं शिक्षकगण ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। बीईओ श्री बद्री विशाल जोलेह, कंवर सर एवं प्राचार्य श्रीमती गिरजा साहू (पीएम श्री सेजेस बसना) सहित शिक्षा विभाग के शिक्षकगण ने जीविका की सफलता को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
वहीं जीविका के पिता श्री तरूणी प्रधान के विद्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जेवरा के प्राचार्य एवं सहकर्मी शिक्षकगण ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जीविका को बधाई दी। प्राचार्य श्री रमेश कुमार, श्री गिरीश गजेन्द्र, श्री राकेश कोसरे, श्री शरद बाघ, श्री वीरेन्द्र पटेल, श्री सूरत मांझी, श्री मुकेश यादव, श्री जगदीश मांझी, श्री डिगम तांडी एवं श्री रवींद्र सांड सहित समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ ने जीविका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सभी ने कहा कि जीविका की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बाल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायी है। एक छोटे से क्षेत्र से निकलकर स्कूल/जोन स्तर से राज्य स्तर तक पहुंचना और अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करना जीविका की मेहनत, लगन, पालकों के सहयोग एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद
जीविका प्रधान के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से डोडरकसा, बसना ब्लॉक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश में हर्ष का माहौल है। क्षेत्रवासियों एवं विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई है कि जीविका राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने उत्कृष्ट शतरंज कौशल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।
पालकगण, परिजन, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार की ओर से कुमारी जीविका प्रधान को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए ढेरों शुभकामनाएं।



