गारीयाबंद जिले के लक्ष्मीकांत सिन्हा को पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त जिले के लिए गौरव का क्षण

गरियाबंद। गारीयाबंद जिले के लिए आज अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर रहा, जब श्री लक्ष्मीकांत सिन्हा, शोधार्थी, प्राणीशास्त्र विभाग, विज्ञान संकाय, आई.एस.बी.एम. विश्वविद्यालय, छुरा, गारीयाबंद ने अपनी पीएच.डी. अंतिम मौखिक परीक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण कर डॉक्टरेट उपाधि प्राप्त की।
श्री सिन्हा ने अपना शोध कार्य “गारीयाबंद जिला, छत्तीसगढ़ में मच्छर जनित रोगों का सर्वेक्षण एवं उनके नियंत्रण की रणनीतियाँ” विषय पर पूर्ण किया। यह शोध कार्य आई.एस.बी.एम. विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के अंतर्गत प्रोफेसर डॉ. पी. विश्वनाथन के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
यह अध्ययन गारीयाबंद जिले की स्थानीय स्वास्थ्य समस्याओं, विशेषकर मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं अन्य मच्छर जनित रोगों की स्थिति, जन-जागरूकता, रोकथाम तथा नियंत्रण उपायों को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण है। यह शोध कार्य जिले में स्वास्थ्य जागरूकता और स्थानीय स्तर पर रोग नियंत्रण की रणनीतियों को मजबूत करने में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
पीएच.डी. उपाधि प्राप्त करने पर विश्वविद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने डॉ. लक्ष्मीकांत सिन्हा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि से गारीयाबंद जिले और आई.एस.बी.एम. विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मीकांत सिन्हा ने अपने मार्गदर्शक प्रोफेसर डॉ. पी. विश्वनाथन, विश्वविद्यालय प्रशासन, गुरुजनों, माता-पिता, परिवारजनों, मित्रों, सहकर्मियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, गुरुजनों और सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद, सहयोग और प्रेरणा का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में वे गारीयाबंद जिले में स्वास्थ्य जागरूकता, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम और ग्रामीण समाज में वैज्ञानिक सोच के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।



