पिथौरा

डोड़रकसा हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी, 30 सितंबर को NH-53 चक्काजाम की चेतावनी

पिथौरा। विकासखंड पिथौरा के ग्राम पंचायत डोड़रकसा स्थित शासकीय हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला गंभीर होता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में 09 शिक्षक पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में महज एक शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालित हो रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों और पालकों ने 18 सितंबर को स्कूल में तालाबंदी भी की थी।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले 10 सितंबर को एसडीएम पिथौरा के माध्यम से कलेक्टर महासमुंद को ज्ञापन सौंपकर सात दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था की मांग की गई थी। निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर तालाबंदी की गई, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप है।

अब ग्रामीणों ने एसडीएम पिथौरा, जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद और थाना प्रभारी सांकरा को ज्ञापन सौंपकर 30 सितंबर को देवरी के पास NH-53 पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2021 में भी विद्यालय में शिक्षकों की कमी शुरू हो गई थी। एक शिक्षक को अन्य विद्यालय में अटैच किए जाने तथा एक शिक्षक के लंबे अवकाश पर होने से स्थिति और बिगड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

अब ग्रामीण शिक्षा विभाग से सवाल कर रहे हैं कि 09 स्वीकृत पदों के बावजूद विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे क्यों है और 30 सितंबर से पहले पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था होगी या नहीं।

Narayan dubey

संपादक शिखर न्यूज छत्तीसगढ़

Related Articles