गरियाबंद

आईएसबीएम विवि में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस विषय पर पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता आयोजित

छुरा। आईएसबीएम विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग द्वारा विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज, 24 सितंबर 2026 को चौथे दिवस एक दिवसीय पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय वैश्विक स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर चुनौती “एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस” रहा।

कार्यक्रम का आयोजन फार्मेसी विभाग के अल्फा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के नोडल अधिकारी श्री युगल किशोर राजपूत एवं स्कूल ऑफ फार्मेसी के नोडल अधिकारी श्री राजेन्द्र साहू के संयुक्त मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर दोनों नोडल अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट समाज में दवाओं के सही, सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग से रोगाणुओं में प्रतिरोध की समस्या बढ़ रही है। ऐसे आयोजन भावी फार्मासिस्टों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोधपरक सोच एवं समाज के प्रति स्वास्थ्य-जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में इवेंट कोऑर्डिनेटर श्री भुनेश्वर साहू की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापकगण श्री अश्वनी कुमार साहू, श्री विकास साहू, सुश्री डॉली यदु एवं सुश्री प्रतिभा जायसवाल उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मक, आकर्षक एवं तथ्यपरक पोस्टर्स के माध्यम से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के कारणों, इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने एंटीबायोटिक के तर्कसंगत उपयोग, स्व-चिकित्सा से बचाव, एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप तथा जन-जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को अपने पोस्टर्स में प्रमुखता से प्रदर्शित किया।

इस सफल आयोजन के लिए विभाग की ओर से माननीय कुलाधिपति, माननीय कुलपति, कुलसचिव, संयुक्त कुलसचिव, डीन अकादमिक एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता के प्रति उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा विद्यार्थियों को फार्मेसी एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।

Narayan dubey

संपादक शिखर न्यूज छत्तीसगढ़

Related Articles